कृषि विभाग की ओर से 50 प्रतिशत सब्सिडी पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं बैग
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। कृषि विभाग ने अर्बन गार्डनिंग को प्रोत्साहन देने के लिए शहरी स्कूलों को चुना है। स्कूलों में 50 प्रतिशत सब्सिडी पर बैग में उपलब्ध करवा जा रहे हैं, जिनमें विभिन्न किस्मों के फूल लगा कर सौंदर्यीकरण में मदद मिलेगी। इसका उद्देश्य कम जगह में स्कूलों के माहौल को निखारना है। साथ ही फूलों व सब्जियों को कम जगह में उगाने के लिए प्रोत्साहित व जागरूक करना है। खासतौर पर जिन स्कूलों में फुलबाड़ी बनाने के लिए जगह नहीं है वहां पर बैग के माध्यम से आंगन व छत और दीवारों पर फूल उगाने में मदद मिलेगी। यह अरबन गार्डनिंग के तहत किया जाएगा। विभाग की ओर से अभी तक शहर के एक स्कूल में 800 बेग लगाकर कई किस्मों के फूल उगाए गए हैं। विभाग का मानना है कि स्कूलों में अरबन गार्डनिंग के जरिए खेती करने से छात्रों को बेहतर ज्ञान दिया जा सकता है। इसका आसपास के माहौल पर भी असर पड़ेगा और लोगों को अधिक जानकारी मिलेगी। विभाग की ओर से आगामी दिनों में शहर के अन्य सरकारी और निजी स्कूलों को भी अर्बन गार्डनिंग के तहत लाया जाएगा और बैग उपलब्ध करवाए जाएंगे।
आगामी दिनों में शहर के स्कूलों को अर्बन गार्डनिंग के प्रति प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए बैगों में फूलों को लगाने से जहां स्कूलों की सुंदरता बढ़ेगी वहीं, बच्चों को भी इस नई तकनीक के बारे में जानकारी मिलेगी। विभाग की ओर से 50 प्रतिशत की सबसिडी पर बैग उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
- संजय आनंद, मुख्य कृषि अधिकारी, उधमपुर