चिनैनी। पटनीटॉप में दिनभर जाम के चलते सैलानियों और कारोबारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। शनिवार को चिनैनी-उधमपुर के बीच जाम के चलते सैलानियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा और उसके बाद कुद-पटनीटॉप में जाम में फंसना पड़ा। पटनीटॉप के कारोबारी सुभाष चंद्र, प्रकाश व अन्य ने कहा कि पटनीटॉप में बर्फबारी के बाद सैलानियों की संख्या में इजाफा होता है। शनिवार को पटनीटॉप में हिमपात की सूचना मिलते ही काफी संख्या में सैलानियों ने पर्यटन स्थल कर रुख किया। मगर जगह-जगह जाम लगने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। इसके साथ ही पटनीटॉप में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से स्थिति दिनभर खराब रही है। उन्होंने प्रशासन से जाम की समस्या से निपटने के लिए जल्द कदम उठाने की मांग की।