उधमपुर। जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर रैंबल इलाके में सड़क किनारे पार्क की गई आल्टो कार चोरी हो गई। कार के मालिक ने इसकी शिकायत पुलिस स्टेशन रैंबल में दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार के मालिक विजय कुमार ने बताया कि रात करीब दस बजे कार को सड़क किनारे पार्क कर घर चला गया और जब रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे कार को लेने आया तो गायब देखा। उसने कार को कई स्थानों पर जाकर तलाश किया, लेकिन कार का कुछ पता नहीं चला। इसके बाद कार के मालिक ने इसकी शिकायत पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई है। वहीं सरपंच शमशेर सिंह ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से लगातार चोरी के मामले सामने आ रहे हैं। कभी किसी के घर के ताले तोड़े जा रहे हैं तो कभी किसी के दुकान को निशाना बनाया जा रहा है। उनकी पुलिस से मांग है कि गंभीरता के साथ जांच कर चोरों का पता लगाया जाए।