सेवइयां खिलाकर एक दूसरे का मुंह मीठा करवाया भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिलेभर में बुधवार सुबह ईद उल फितर का त्यौहार हर्षोल्लास से मनाया गया। ईद पर मुस्लिम समाज के लोगों ने ईदगाह में ईद की नमाज अदा कर अमन की दुआ मांगी। मुस्लिम समाज के लोग नए-नए परिधानों को पहन कर ईदगाह एवं मस्जिदों में नमाज अदा करने पहुंचे। नमाज के बाद सभी ने एक दूसरे से गले मिलकर अमन एवं चैन की दुआ की। ईद के मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, नेताओं एवं शहरवासियों ने समाज के लोगों को ईद की मुबारकबाद दी।
उधमपुर जिले में भी ईद को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं। आदर्श कालोनी स्थित जामा मस्जिद में ईद-उल-फितर का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। मुस्लिम भाईचारे के लोग सुबह से ही मस्जिद में इकट्ठा होना शुरू हो गए थे और साढ़े नौ बजे के करीब नमाज अता की। मुस्लिम भाईचारे के लोग इकट्ठा हुए और नमाज अदा करने के बाद एक दूसरे को गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी। सेवइयां खिलाकर एक दूसरे का मुंह मीठा कराया गया। रमजान महीने के खत्म होने के बाद बुधवार पूरे शहर में ईद मनाई गई। शहर की विभिन्न मस्जिदों में सुबह साढे 9 बजे नमाज अता की गई और अमन-शांति की कामना के साथ गले मिलकर एक-दूसरे को ईद मुबारक का दौर शुरू हुआ। इस मौके पर उधमपुर-रियासी रेंज के डीआईजी मोहम्मद रईस भट, एडीसी जसविंद्र सिंह जसरोटिया, थाना प्रभारी रघुवीर सिंह विशेष रूप से शामिल हुए। रमजान का महीना पवित्र समय के तौर पर माना जाता है। मुस्लिम समुदाय के लोग इन महीने में दिन में रोजा रखकर सूर्य डूबने के बाद इफ्तार करके खाना खाते हैं और अल्लाह से खुद के परिवार से लेकर समाज में अमन-शांति और प्यार-मोहब्बत का संदेश देते हैं। मुस्लिम समुदाय के इमाम और मौलाना के अनुसार रोजे के दौरान की गई दुआ भी कबूल देती है।