संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह स्थल राजकीय डिग्री काॅलेज के मैदान पर परेड की रिहर्सल जारी है। शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन एनसीसी कैडटों, पुलिसकर्मियों और स्कूली बच्चों की टुकड़ियों ने जमकर पसीना बहाया। रिहर्सल के दौरान उनकी सहायता के लिए खेल शिक्षक मौजूद रहे। सभी ने छात्र-छात्राओं को उनकी कमियों में सुधार के लिए मदद की। बताया कि कैसे उन्हें कदम से कदम मिलाते हुए मंच के सामने से सलामी देते हुए आगे बढ़ना है।
सुबह आठ बजे शुरू हुआ अभ्यास का दोपहर 12 बजे तक जारी रहा। इसमें भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं में खासा जोश नजर आया। सभी परेड में भाग लेने के लिए उत्साहित नजर आए। वहीं अभ्यास का निरीक्षण करने के लिए खेल विभाग के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ जिला खेल अधिकारी रोमेश चंद्र मिश्रा मुख्य रूप से मौजूद थे। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को देशभक्ति के जोश और उत्साह के साथ मनाने के लिए डीसी सलोनी राय की अध्यक्षता में तैयारियां तेजी से जारी हैं। सभी से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में जरूर शामिल हों।