संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। ऑपरेशन सिंदूर के बाद जम्मू-कश्मीर में बने युद्ध जैसे हालात को देखते हुए भारत सरकार व रेलवे प्रशासन ने एक अहम फैसला लिया। जम्मू-कश्मीर में फंसे बाहर के यात्रियों के लिए शहीद कैप्टन तुषार महाजन रेलवे स्टेशन उधमपुर से वंदे भारत विशेष ट्रेन दिल्ली तक चलाई गई। शुक्रवार को श्रीनगर व अन्य स्थानाें पर फंसे यात्रियों को इस ट्रेन से रवाना किया गया। वहीं, यात्रियों ने सरकार व रेलवे प्रशासन का आभर व्यक्त किया। यात्रियों का कहना था कि जिस तरह से मौजूदा समय में भारत-पाकिस्तान में युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं उसके चलते हम लोग काफी डर गए थे। लेकिन उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरा भरोसा है। शुक्रवार को यह ट्रेन 12 बजकर 45 मिनट पर उधमपुर स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना की गई। यात्रियों के लिए आनस्पॉट टिकट बुकिंग की व्यवस्था की गई थी।