चिनैनी। बिगड़े मौसम के बीच जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप और नत्थाटॉप में बर्फबारी जारी है। साथ ही मैदानी इलाकों में बारिश से जनजीवन पर भी काफी असर पड़ा है। ग्रामीण क्षेत्रों से बहुत कम लोग बाजारों में आ पा रहा हैं। सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी बहुत कम है। पटनीटॉप में करीब डेढ़ और नत्थाटॉप में तीन फुट तक ताजा बर्फबारी हुई है, जिससे यह क्षेत्र बर्फ से लद गए हैं, पूरा क्षेत्र ठंड की चपेट में है। बर्फबारी के बाद यह इलाके सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। शनिवार और रविवार को पटनीटाप, नत्थाटॉप सहित जुगधार, शिवगढ़ धार, देराटॉप, सियोजधार, लद्दाधार व अन्य जगहों पर बर्फबारी हुई है। रविवार को बारिश से कई रूटों पर यात्री वाहन भी कम चले, जिससे लोगों की आवाजाही कम रही।