-चैंबर के आसपास न चेतावनी बोर्ड, न सुरक्षा प्रबंध, बड़े हादसे का खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर के वार्ड 7 में सीवरेज के खुले चैंबर और ट्रेंच से बड़े हादसे का खतरा है। चार दिन में तीन बच्चे गिरकर घायल हो चुके हैं, इसके बावजूद जिम्मेदार बेफिक्र हैं। चैंबर के आसपास न तो चेतावनी बोर्ड हैं और न ही सुरक्षा का कोई प्रबंध। इससे वार्ड के लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि शायद जिम्मेदार बड़े हादसे के इंतजार में हैं।
वार्डवासी आकाश महाजन, संजीव कुमार और शाम कुमार ने बताया कि ओल्डएज होम एवं मुख्य डाकघर के पास सीवरेज का निर्माण चल रहा है। चार दिन से यहां चैंबर और खोदे गए ट्रेंच खुले पड़े हैं। काम करवा रही एजेंसी ने लोगों की सुरक्षा को लेकर इनके आसपास सुरक्षा के लिए कुछ नहीं लगाया है। गड्ढे या पाइप लाइन के लिए खोदे ट्रेंच को खुला न छोड़ने की भी सख्त हिदायत है। जबकि, यहां चेतावनी संदेश तक नहीं है। इसके चलते चार दिन में आईसी चैंबर में 3 बच्चे गिरकर घायल हो चुके हैं। एचडीईपी पाइप बिछाने के लिए खोदी गली के चलते बुजुर्गों व बच्चों के गिरने का अधिक खतरा रहता है। उनका आरोप है कि निर्माण के दौरान लोगों की सुरक्षा को लेकर एहतियात नहीं बरती जा रही है। उन्होंने मांग की कि प्रशासन इस पर ध्यान दे।
कोट
वार्ड के लोगों की ओर से मंगलवार को ही खुले चैंबर और ट्रेंच का मामला ध्यान में लाया गया है। बुधवार को ही चैंबर और ट्रेंच बंद करवा दिए जाएंगे।
विकास शर्मा, पार्षद