किश्तवाड़। जिले में दो वर्ष के बाद बुधवार दो मार्च से स्कूल खुल जाएंगे। सभी निजी व सरकारी स्कूलों में बसेब्री से बच्चों का इंतजार किया जा रहा है। बच्चों का स्वागत करने के लिए सभी स्कूलों ने तैयारियां कर ली हैं। बता दें कि कोरोना के कारण बीते दो वर्ष से स्कूल बंद हैं। हालांकि पिछले वर्ष मार्च में स्कूल खुले थे, लेकिन यकायक कोरोना के मामले बड़ गए, दूसरी लहर के चलते फिर से स्कूल बंद कर दिए गए। अब इस बार स्कूल खुलने जा रहे हैं, जिसके लिए स्कूल प्रशासन ने तैयारियां कर रखी हैं। स्कूलों में सामाजिक दूरी, सैनिटाइजेशन और मास्क पहनना जरूरी आदि पर विषेश ध्यान दिया जाएगा। जिला प्रशासन की तरफ से कड़े निर्देश जारी किए गए हैं कि 15 वर्ष से ऊपर के बच्चों के पास वैक्सीनेशन का सर्टिफिकेट साथ होनी चाहिए, उसके बाद ही उन्हें स्कूल में आने की अनुमति दी जाएगी। लेकिन स्कूल प्रशासन ने कहा कि छोटे बच्चों को कैसे अनुमति देंगे। जबकि उन्हें टीका अभी लगा ही नहीं है। लगभग सभी स्कूलों में बुधवार से विद्यार्थी आना शुरू हो जाएंगे। जिले के सभी जोनल शिक्षा अधिकारियों ने स्कूलों के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं।