पौनी। आठ महीने पहले हुई तेज बारिश से तवी नदी का जलस्तर बढ़ने से राजकीय हायर स्कूल की चहारदीवारी को नुकसान पहुंचा था। कई महीने बीत जाने के बाद भी चहारदीवारी की मरम्मत नहीं की गई है। विद्यार्थियों के अभिभावकों को उनकी सुरक्षा की चिंता रहती है। स्कूल के साथ ही तवी नदी बहती है और दूसरी तरफ जंगल है। चहारदीवारी नहीं होने से स्कूल के अंदर जंगली जानवरों के घुसने की आशंका रहती है। स्थानीय निवासी गोपाल शर्मा व सुनील शर्मा ने बताया कि चहारदीवारी की मरम्मत के लिए कई बार विधायक कुलदीप राय दुबे को भी अवगत करवाया जा चुका है। अभी तक इसे ठीक करवाने का सिर्फ आश्वासन ही मिला। ग्रामीणों से संबंधित विभाग से मांग की कि जल्द चहारदीवारी की मरम्मत करवाई जाए। जोनल एजुकेशन ऑफिसर राज कुमार ने बताया कि उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट तैयार कर भेज दी है। उम्मीद है कि जल्द काम शुरू कर दिया जाएगा। संवाद