उधमपुर। त्योहारों के चलते शहर और बाजारों में काफी हलचल बढ़ गई है। इस कारण हर जगह भीड़ और वाहनों की आवाजाही काफी रहती है। ऐसे में शहर के बीचोंबीच से गुजर रहे धार रोड पर सेलें तालाब से लेकर कल्लर तक सड़क किनारे खड़े अवैध और कबाड़ वाहन सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं।
शहर के बीचोंबीच स्थित धार रोड स्थित सलाथिया से वीनस चौक, कल्लर और सेलें तालाब इलाके में सड़क के किनारे पिछले कई महीनों से कबाड़ वाहन पार्क किए गए हैं। इसकी वजह से दिन में कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। हालांकि कई बार लोग पुलिस प्रशासन व ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों से इन वाहनों को हटाने की मांग कर चुके है लेकिन उसके बावजूद न तो पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई की गई है और न ही ट्रैफिक पुलिस की ओर से लोगों की समस्या का समाधान हो सका है।
खासकर सड़क किनारे पार्क किए गए वाहन सुरक्षा व्यवस्था को भी चुनौती दे रहे हैं। ज्ञात रहे कि वर्ष 2011 में बिरमा पुल इलाके में हुए बम विस्फोट में भी इसी तकनीक का इस्तेमाल किया गया था। एक पुरानी कार को सड़क किनारे खड़ा कर आतंकी ने सैन्य अधिकारी के काफिले को अपना निशाना बनाया था। इसमें बुलट प्रूफ वाहन की वजह से अधिकारी तो बाल-बाल बच गया था लेकिन आसपास मौजूद एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उस दौरान कुछ दिनों तक सड़क किनारे खड़े वाहनों पर कार्रवाई जरूर की गई लेकिन अब स्थिति और गंभीर हो गई है।
इस संदर्भ में संजय शर्मा, राघव कुमार, रमेश कुमार, प्रशोत्तम कुमार और राजेंद्र सिंह का कहना था कि आम जनता की सुरक्षा के मद्देनजर जहां आम आदमी की लापरवाही भी है तो पुलिस एवं प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक चूक मानी जा सकती है। इसके परिणाम काफी गंभीर भी हो सकते हैं, इसलिए पुलिस प्रशासन को इस पर जल्द कार्रवाई करनी चाहिए। धार रोड पर अगर सलाथिया चौक से लेकर अस्पताल गेट तक देखें तो सड़क के दोनों ओर लोगों ने अवैध पार्किंग बनाकर अपने वाहनों को खड़ा कर रखा है। इतना ही नहीं, कई लोगों के कबाड़ हुए वाहन भी पिछले लंबे समय से एक ही जगह पर खड़े हैं।
वहीं इस संदर्भ में ट्रैफिक पुलिस के डीएसपी जतिंद्र सिंह का कहना था कि जल्द ही धार रोड पर एक अभियान चलाकर अवैध पार्किंग पर कार्रवाई करने के साथ ही कबाड़ पड़े वाहनों को वहां से हटाया जाएगा ताकि धार रोड पर लगने वाले जाम से लोगों को आने वाली परेशानी से राहत मिल सके।
फोटो सहित