रियासी। नगर परिषद ने वीरवार को अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की है। दोपहर लगभग एक घंटे तक अभियान के दौरान रेहड़ी-फड़ी वालों का सामान जब्त किया गया। टीम के लौटते ही स्थिति पहले जैसे हो गई। ऐसे में कार्रवाई सवालों में आ गई। लोगों का आरोप है कि सिर्फ कुछ लोगों पर ही सख्ती की गई। बड़े दुकानदारों तक टीम के हाथ नहीं पहुंचे। कार्यकारी अधिकारी के नेतृत्व में टीम सबसे पहले पुलिस के साथ बस अड्डे पर पहुंची। रेहड़ी वालों को चेतावनी देते हुए निर्धारित स्थान पर रेहड़ियां लगाने को कहा गया। इसके बाद फड़ी लगाने वालों का कुछ सामान जब्त किया। मुख्य बाजार में चूड़ी विक्रेताओं काे हिदायत देकर टीम लौट गई। तहसीलदार ऑफिस के बाहर पैराफिट और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पास वाहन लगाकर सामान बेचने वालों पर भी नजर नहीं गई।