उधमपुर में डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते आप के नेता व कार्यकर्ता। संवाद
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। आम आदमी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बुधवार को डीसी कार्यालय के बाहर करीब एक घंटा धार रोड को बंद कर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीण इलाकों में लोगों को जरूरत के अनुसार बिजली, पानी, सड़क व अन्य मूलभूत सुविधाएं देने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार आम आदमी की परेशानी का दूर करने में पूरी तरह से विफल है।
सुबह करीब 11 बजे आम आदमी पार्टी के नेता व पूर्व शिक्षा मंत्री हर्ष देव सिंह के नेतृत्व में लोगों ने डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान लगभग एक घंटो तक आप कार्यकर्ताओं ने धार रोड जाम कर दिया। ऐसे में वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझा कर हटाने का प्रयास शुरू कर दिया। करीब एक घंटे के बाद प्रदर्शनकारियों को धार रोड से हटाने में कामयाबी मिली। वहीं प्रदर्शन के दौरान हर्ष देव सिंह ने कहा कि मौजूदा समय में सरकार आम आदमी की उम्मीदों पर खरा उतरने में पूरी तरह से नाकामयाब रही है। जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसना पड़ रहा है। लोगों को जरूरत के अनुसार बिजली व पानी की सुविधा नहीं मिल रही है। पिछले कुछ महीनों से लगातार बिजली कटौती से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। कई महीनों से ग्रामीण इलाकों में पानी की आपूर्ति भी प्रभावित है और लोगों को पानी का इंतजाम करने के लिए हर रोज मशक्क्त करनी पड़ रही है। दिन प्रतिदिन बढ़ रही महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ कर रख दी है। ग्रामीण इलाकों में सड़कों की हालत खराब है और आए दिन इन बदहाल सड़कों पर वाहन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं और कई लोगों को जान भी गवानी पड़ रही है। स्कूलों में स्टाफ की कमी के कारण विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। भाजपा सरकार ने लोगों को झूठे आश्वासन तो बहुत दिए, लेकिन आज तक बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा को लेकर उम्मीद के अनुसार काम नहीं कर सकी है। सरकार को होश में लाने के लिए आज सभी डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं।
इनसेट
जाम में फंसे यात्री गर्मी से हुए बेहाल
सुबह करीब 11 बजे प्रदर्शन के दौरान आप कार्यकर्ता पूर्व शिक्षा मंत्री के साथ धार रोड के बीच बैठ गए और किसी को भी वाहनों को निकालने के लिए स्थान नहीं मिला। इसके बाद दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। प्रदर्शन में ज्यादातर यात्री वाहन फंस गए। इनमें रामनगर, कठुआ, मजालता, सैला तालाब, सिटी रूट पर चलने वाले वाहन शामिल थे। इनके साथ कई निजी वाहन भी फंस गए। वाहनों के अंदर बैठे यात्री गर्मी से बेहाल हो गए। गर्मी के कारण कई यात्रियों की हालत भी खराब हो गई। एक घंटे बाद प्रदर्शनकारी रोड से हटे तब राहगीरों ने चैन की सांस ली।