उधमपुर: रामनगर में 11वीं में फेल हुए बच्चे रोड बंद कर प्रदर्शन करते हुए.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर/रामनगर। 11वीं की परीक्षा परिणाम में फेल होने पर सोमवार को हायर सेकेंडरी स्कूल रामनगर के विद्यार्थियों ने बाजार में मार्ग बंद कर शिक्षा विभाग और जेके बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्हें प्रिंसिपल ने शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विद्यार्थी नहीं माने। एसएचओ ने कुछ विद्यार्थियों को एसडीएम से मिलाया, तब उनके आश्वासन पर विद्यार्थियों ने प्रदर्शन बंद किया।
हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थी सुबह करीब 11 बजे रोष रैली निकालकर बाजार पहुंचे, और मार्ग बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन शुरू होते ही मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। उधर, प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर प्रिंसिपल तरसेम सिंह ने विद्यार्थियों को समझाकर शांत करने का प्रयास किया, लेकिन विद्यार्थी नहीं माने। जब इसकी जानकारी एसएचओ को मिली तो वह जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और विद्यार्थियों को शांत करने लगे। कुछ विद्यार्थियों को साथ लेकर वह एसडीएम के पास पहुंचे।
मनजीत सिंह, सुनील सिंह, सुमित सिंह, प्रवीन शर्मा, अरुण सिंह, प्रतिभा अंगराल, अंजली अंगराल, सोनिया शर्मा, आदि विद्यार्थियों ने बताया कि हायर सेकेंडरी स्कूल में 11वीं के 445 विद्यार्थी हैं। इनमें से परीक्षा में केवल 109 विद्यार्थी पास हुए हैं। 11वीं का परीक्षा परिणाम इतना कम नहीं आ सकता है। बोर्ड ने इसमें बहुत बड़ी गलती की है, और गलती का खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यार्थियों को फेल कर दिया गया है कि जिन्होंने 10वीं में 90 प्रतिशत से भी अधिक अंक हासिल किए थे। जब अपनी परेशानी को प्रिंसिपल के सामने रखा तो वह पुनर्मूल्यांकन फार्म भरने को कह रहे हैं। जबकि, कई विद्यार्थी आर्थिक रूप से इतने कमजोर हैं कि उनके पास फार्म भरने के भी पैसे नहीं हैं। एसडीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर परेशानी को दूर करने का आश्वासन दिया। इसके बाद विद्यार्थी शांत हुए और प्रदर्शन बंद किया।