उधमपुर। जिला मुख्यालय स्थित आदर्श काॅलोनी में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हाल ही में स्वामी यति नरसिम्हानद की ओर से मुंबई में पैगंबर मोहम्मद को लेकर दिए गए बयान के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने लोगोें की भावनाओं को आहत करने और आपसी भाईचारे को खराब करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए यति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। जामा मस्जिद में सोमवार को इमाम मोहम्मद सलीम ने नेतृत्व में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने प्रदर्शन किया। इसमें भारी संख्या में महिलाएं और युवा भी शामिल हुए। जामा मस्जिद में प्रदर्शन करने के बाद जुलूस के रूप में प्रदर्शनकारी आदर्श काॅलोनी से होते हुए डीसी कार्यालय की ओर बढ़े। यहां पर पुलिस के समझाने पर प्रदर्शनकारी शांत हुए और उनकी मांगों को जिला प्रशासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया। जामिया मस्जिद के इमाम मोहम्मद सलीम ने कहा कि उनके पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ बयान देकर स्वामी यति ने नफरत फलाने का काम किया है। इससे आपसी भाईचारे को ठेस पहुंची है और हिंसा फैलाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि पैगंबर मोहम्मद किसी विशेष समुदाय के नबी नहीं हैं, वह इंसानियत के नबी हैं। इंसानियत, हमदर्दी और भाईचारे का पैगाम लेकर उन्हें अल्लाह ने भेजा है। उनके खिलाफ बोलकर यति ने जो मुस्लिम समुदाय के लोगों को ठेस पहुंचाने की कोशिश की है, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।