रियासी। कटड़ा में लगाए जा रहे रोपवे के विरोध में रियासी में शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने रैली निकाली।
इस मौके पर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड कटड़ा के खिलाफ नारे लगाए गए। उन्होंने रोपवे प्रोजेक्ट को बंद करने के साथ ही कटड़ा से गिरफ्तार किए गए प्रदर्शनकारियों को रिहा करने की मांग की। रोष रैली में शामिल लोगों ने कहा कि रोपवे लगने से कई लोग बेरोजगार हो जाएंगे। व्यापार वर्ग पर भी काफी प्रभाव पड़ेगा। इसके साथ ही धार्मिक आस्था भी समाप्त हो जाएगी। कटड़ा के लोग शांतिपूर्वक धरना दे रहे हैं। उनको बिना किसी कारण के तंग किया जा रहा है। जबरन उठाकर पुलिस की हिरासत में रखा गया है, जिन्हें छोड़ा जाना चाहिए। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से अपील की गई कि वह रोपवे मामले में कार्रवाई करते हुए इस प्रोजेक्ट को बंद करने के आदेश जारी करें। इस मौके पर एनसी नेता तारिक भट्ट, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुंशी राम सलालिया, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एजाज खान, जम्मू कश्मीर किसान तहरीक के जिला प्रधान सोहन लाल शर्मा आदि मौजूद थे।