चीनी सामान को जलाकर स्वदेशी जागरण मंच ने किया प्रदर्शन सामान का बहिष्कार कर चीन को आर्थिक रूप से करे कमजोर अमर उजाला ब्यूरो उधमपुर। स्वदेशी जागरण मंच ने शनिवार को शहर के गोल मार्केट इलाके में चीन का सामान जलाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चीन की कार्यप्रणाली पर निशाना और सभी जिलावासियों से अपील की कि कोई भी आज के बाद चीन के सामान का इस्तेमाल न करे। शहीद सैनिकों के लिए यही सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे स्वदेशी जागरण मंच के जिला प्रधान पंकज कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चीन के खिलाफ प्रदर्शन किया और चीन का सामान जलाकर रोष प्रकट किया। साथ ही चीन का पुतला भी फूंका गया। प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी अशवनी कुमार विशेष तौर पर मौजूद थे। प्रदर्शन के दौरान पंकज कुमार ने कहा कि चीन की सेना ने भारत की सेना पर धोखे से वार कर 20 सैनिकों को शहीद किया, लेकिन इन सैनिकों ने शहीद होने से पहले चीन के 40 के करीब सैनिकों को मार कर भारत की सेना की ताकत का एहसास चीन को करवा दिया है। भारत के वीर सैनिकों ने चीन की साजिश को पूरी तरह से नाकाम कर दिया। साथ ही संदेश भी दे दिया कि दोबारा अगर भारत की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। देशवासियों को अब चीन के सामान का इस्तेमाल बंद करना होगा। इसी से चीन को आर्थिक रूप से कमजोर बनाया जा सकता है। देशवासियों को भारत में बनी वस्तुओं का ही इस्तेमाल करना होगा और इसी से अपने देश को आर्थिक रूप से मजबूत मनाया जा सकता है। आज यही संदेश उधमपुर में देने का प्रयास किया जा रहा है। हर देशवासी को वीर शहीद सैनिकों की शहादत को याद कर चीनी सामान का बहिष्कार करना चाहिए और यही सैनिकों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।