उधमपुर। शहर में एसएसपी कार्यालय के बाहर किन्नरों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और एसएसपी से इंसाफ की गुहार लगाई। किन्नरों ने बताया कि उधमपुर शहर में एक पुरुष किन्नर बन कर काम कर रहा है। जब उसका विरोध करते हैं तो वह गुंडे बुलाकर हमारे साथ मारपीट करता है। इसलिए हमारी मांग है कि पुलिस हमें इंसाफ दिलाए।
दोपहर करीब एक बजे किन्नरों का एक दल एसएसपी कार्यालय के बाहर पहुंचा, जहां सभी ने धरना देकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान किन्नरों ने एसएसपी साहब इंसाफ दिलाओ के नारे लगाए। वहीं प्रदर्शन के दौरान नीतें मियां नाम के किन्नर ने बताया कि कठुआ का रहने वाला पुरुष खुद को पोली नाम से किन्नर बताकर उधमपुर शहर में काम कर रहा है। वह हमारे रोजगार पर कब्जा करके बैठा है। जब हमने उसका विरोध किया तो गुंडों को बुलाकर हमारे साथ मारपीट की गई। जब जम्मू, कटड़ा, रियासी के किन्नरों को इसकी जानकारी मिली तो आज सभी इंसाफ की गुहार लगाने के लिए उधमपुर में एसएसपी के पास पहुंचे हैं। पोली लगातार लोगों को गुमराह कर रहा है और लिंग परिवर्तन करवाने का भी काम कर रहा है। कई बार समझाने के बाद उसने अपनी गुंडागर्दी को नहीं छोड़ा है। इसलिए हम आज पुलिस के पास मदद के लिए पहुंचे हैं। हमारी मांग है कि पुलिस पोली के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई करे और हमें इंसाफ दिलाए।