वार्ड 8 के पांडव मंदिर इलाके का मामला : लोग बोले-जब तक पर्याप्त बिजली नहीं तक होगा विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। बिजली विभाग को शहर में स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू करने पर शहरवासियों के साथ व्यापार मंडल के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा है। शुक्रवार को विभाग की टीम शहर के वार्ड 8 के पांडव मंदिर इलाके में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची थी, लेकिन टीम के मीटर लगाने का काम शुरू करते ही लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।
व्यापार मंडल के प्रधान जितेंद्र बरमानी के साथ विक्रम सिंह सलाथिया, राहुल मगोत्रा, नवीन गुप्ता व अन्य मौके पर पहुंच गए। उन्होंने स्मार्ट मीटर लगाने का काम बंद करवा दिया। बिजली विभाग के अधिकारियों ने लोगों को स्मार्ट मीटर लगाने के फायदे गिनाते हुए समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग विरोध पर अड़े रहे। लोगों ने कहा कि विभाग की मनमानी नहीं चलेगी। लोगों के विरोध को देखते हुए विभाग की टीम बिना स्मार्ट मीटर लगाए लौट गई। व्यापार मंडल का कहना है कि वह बिजली विभाग को पहले भी बता चुके हैं कि जब तक शहर की हालत ठीक नहीं होती और सुचारू रूप से बिजली मुहैया नहीं करवाई जाती तब तक स्मार्ट मीटर नहीं लगने देंगे। इसकाे लेकर उपायुक्त के साथ भी बैठक की गई थी। उन्होंने आश्वस्त किया था कि शहर में स्मार्ट मीटर लगाने की जो भी प्रक्रिया शुरू की जाएगी उससे पहले शहरवासियों के साथ चर्चा करके उन्हें विश्वास में लिया जाएगा। मगर अब बिजली विभाग ने चोरी छिपे बिना किसी को बताए शहर में स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू कर दिया है।
शहर में सुचारू बिजली मुहैया करवाने में विभाग नाकाम : जितेंद्र वरमानी
व्यापार मंडल के प्रधान जितेंद्र बरमानी व अन्य सदस्यों का कहना था कि शहर में सुचारू बिजली मुहैया करवाने में बिजली विभाग पूरी तरह से विफल रहा है। बिजली की भारी निर्धारित और अनिर्धारित कटौती के कारण शहरवासी परेशान हैं। लोग लगातार सुधार की मांग कर रहे हैं। मगर बिजली विभाग शहर में सुचारू बिजली देने की बजाय चोरी छिपे स्मार्ट मीटर लगाने का प्रयास कर रहा है। शहरवासियों की मांग है कि पहले शहर में बिजली कटौती की समस्या का समाधान किया जाए और शहर को स्मार्ट सिटी के तौर पर विकसित किया जाए। इसके बाद ही वह स्मार्ट लगाने के बारे में विचार करेंगे। इसके खिलाफ अगर कारोबारियों को अपना कामकाज बंद करके सड़कों पर भी उतरना पड़ेगा तो भी वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग ने पहले भी डिजिटल मीटर लगाने से पहले उधमपुर वासियों से वादा किया था कि मीटर लगने के बाद उन्हें 24 घंटे सुचारू बिजली मुहैया करवाई जाएगी, लेकिन इसके बाद भी 10-10 घंटे बिजली कटौती की जा रही है। इस कारण शहर का कारोबार प्रभावित हो रहा है। जब तक उधमपुर को स्मार्ट सिटी के तरह विकसित नहीं किया जाता, स्मार्ट मीटर नहीं लगने देंगे। राजकुमार बुच्चा, सुनील गुड्डा, आकाशदीप व अन्य शहरवासियों ने कहा कि बात जब विकास की आती है तो शुरुआत कश्मीर घाटी से की जाती है। जब इस तरह जनविरोधी काम किए जाते हैं, तो पहले नंबर जम्मू और उधमपुर वालों का लगाया जाता है। स्मार्ट मीटर लगाने का काम भी पहले कश्मीर घाटी से शुरू किया जाए और तब तक उधमपुर को भी विकसित कर स्मार्ट सिटी के बराबर लाया जाए।
लोगों के विरोध को देखते हुए विभाग की तरफ से जिला उपायुक्त सलोनी राय को सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग को लेकर एक लैटर भेजा गया है। शहर में स्मार्ट मीटर लगाना एक सरकारी योजना का हिस्सा है। बिजली विभाग का प्रयास है कि इस काम को जल्द से जल्द पूरा किया जा सके। - संजय गुप्ता, एईई बिजली विभाग