उधमपुर। जिला उधमपुर के ब्लॉक टिकरी की रेवा राजपूत स्वरोजगार से महिला सशक्तीकरण की मिसाल कायम कर आज उधमपुर जिले की हजारों महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन गई हैं। नारी शक्ति महिला स्वयं सहायता समूह की प्रमुख होने के नाते उन्होंने गाय के गोबर के दीये बनाने का काम शुरू किया। उनके समूह ने दीपावली त्योहार की पूर्व संध्या पर 50,000 रुपये के गाय के गोबर के दीये बेचे।
आज रेवा राजपूत अपने इनोवेटिव माइंड का इस्तेमाल करते हुए जौ एनर्जी बूस्टर, आंवला उत्पाद, आरटीएस अनारदाना चटनी, कश्मीरी मसाला टिक्की, हल्दी पाउडर आदि तैयार कर रही हैं। उनके पति कुलदीप सिंह ने अपनी पत्नी के व्यवसाय में शामिल होने के लिए अपनी निजी नौकरी छोड़ दी है। उन्होंने अपनी पत्नी के साथ टिकरी में अपने घर पर पीएमएफएमई योजना के तहत एक छोटी खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित की है।
बागवानी योजना और विपणन विभाग उधमपुर, पीएमएफएमई योजना के लिए जिला नोडल एजेंसी होने के नाते, इस दंपती को पूरा सहयोग प्रदान कर रहा है। हाल ही में उन्हें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में भाग लेने के लिए विभाग द्वारा नई दिल्ली भेजा गया था। इसमें उन्होंने न केवल अपने उत्पाद बेचे, बल्कि नवीनतम लेबलिंग, पैकेजिंग और ब्रांडिंग तकनीकों के बारे में भी व्यापक जानकारी प्राप्त की।
दंपती अपने पड़ोस की 7-8 महिलाओं को भी रोजगार मुहैया करा रहे हैं। क्षेत्रीय विपणन कार्यालय उधमपुर-रियासी ने अस्थायी रूप से नारी शक्ति महिला स्वयं सहायता समूह को फल एवं सब्जी मंडी कल्लर हिम्मती उधमपुर में अपने उत्पादों को बेचने के लिए नि:शुल्क स्थान प्रदान किया है।