संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। लिटिल फ्लावर कैथोलिक चर्च में शुक्रवार को गुड फ्राइडे पर विशेष प्रार्थना का आयोजन किया गया। इसमें काफी संख्या में इसाई समुदाय के लोगों ने भाग लिया और प्रभु यीशु के समक्ष प्राणियों को पाप माफ करने और समाज के कल्याण, सुख समृद्धि और शांति के लिए कामना की।
फादर राॅबर्ट येशुदीप संधू ने बताया कि गुड फ्राइडे का दिन पूरे विश्व में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस दिवस को इसलिए मनाया जाता है कि इसाई समुदाय के लोगों का यह विश्वास है कि प्रभू यीशु संसार में आए और उन्होंने हमारी मुक्ति के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। इस घटनाक्रम में प्रभू यीशु को सूली पर चढ़ाया गया और उसी दिवस को आज के दिन याद किया जाता है। ऐसा माना जाता है गुड फ्राइडे का दिन हमारे लिए मुक्ति का दिन है, जब प्रभू यीशु हमारे पापों को उठा लेते हैं। बाइबल में लिखा है कि पिता ईश्वर ने संसार को इतना प्यार किया कि उन्होंने अपना इकलौता पुत्र हमारे लिए अर्पित कर दिया। प्रभू यीशु पूरी मानव जाति के लिए आते हैं और आज के इस दिवस को हम लोग करूणा दिवस के रूप में भी मनाते हैं।