उधमपुर। उधमपुर-घोरडी सड़क को शीघ्र डबल लेन का काम पूरा करने और तवी नदी पर सलमेल पुल बनाने निर्माण करने की मांग को लेकर पूर्व मंत्री और जेकेएनपीपी के राज्य अध्यक्ष हर्ष देव सिंह ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री को उधमपुर से घोरडी तक 38 किलोमीटर लंबी सड़क को डबल लेन करने के लिए नितिन गडकरी की सार्वजनिक प्रतिबद्धता से अवगत कराया। सिंह ने बताया कि परियोजना पर तुरंत काम शुरू करने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, नितिन गडकरी ने काम शुरू करवाया था, लेकिन अफसोस केवल कुछ मोड़ सीधा करने के बाद अधर में छोड़ दिया गया। 38 किलोमीटर लंबी एकल सड़क में से 8-9 किलोमीटर ही डबल लेन की गई है। बाकी 30 किलोमीटर सड़क जर्जर है।
इस पर जनता के आंदोलन पर कहा गया था कि पीएमजीएसवाई के तहत लगभग 18 किलोमीटर सिंगल लेन खंड को ब्लैक-टॉप किया जाएगा। डबल लेन करना संभव नहीं है। स्थानीय प्रशासन को यह भी बताया गया कि कालडी तक लगभग 10 किलोमीटर सिंगल लेन सड़क की ब्लैक-टॉपिंग और अपग्रेडेशन के लिए भी कोई धनराशि नहीं है। उन्होंने मंत्री को बताया कि सड़क के संरेखण पर पड़ने वाले सलमेह में तवी नदी पर कोई पुल भी नहीं है। सड़क पर प्रतिदिन लगभग 1000 वाहन 1.50 लाख से अधिक की आबादी के लिए चलते हैं। सभी वाहन नदी पार करने के लिए जलसेतु का उपयोग कर रहे हैं। जलसेतु को लगभग 20 वर्ष पूर्व असुरक्षित घोषित किया जा चुका है।
हर्ष देव ने केंद्रीय राज्य मंत्री से अपील की कि उधमपुर से घोरडी तक डबल लेन और सलमेह में इसके संरेखण पर पुल का निर्माण किया जाए ताकि क्षेत्र की जनता राहत मिल सके।