कंसाल से कुलटैड रोड पर दो साल से वाहनों की आवाजाही बंद, 500 लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर /रामनगर। ब्लाॅक कुलवंता की बलोता चिगला पंचायत के तहत आते पीएमजीएसवाई के कंसाल से कुलटैड रोड पर करीब दो साल पहले गिरी पस्सियों को अभी तक हटाया नहीं गया है। इसके कारण रोड पूरी तरह से बंद हो चुका है और वाहनों की आवाजाही नहीं होने के कारण संबंधित इलाकों की 500 के आसपास की आबादी प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि इस रोड पर केवल छोटे यात्री वाहन ही चलते हैं और उन्हें उम्मीद थी कि जल्द इस रोड को बड़े वाहनों के चलने लायक बनाया जाएगा, लेकिन उनकी उम्मीद के विपरीत अब छोटे वाहनों की सुविधा से भी पिछले दो साल से वंचित हो चुके हैं। इसका कारण दो साल पहले रोड पर गिरी कुछ पस्सियां हैं, जिनको हटाने से यहां यातायात बहाल हो जाएगा। इसके चलते क्षेत्रवासी पिछले दो साल से कई परेशानियों का सामना कर रहे हैं। गांव में अगर कोई व्यक्ति ज्यादा बीमार हो जाता है तो उसे पालकी में बिठाकर 3 घंटे का पैदल सफर तय करने के बाद उसे रोड तक पहुंचाना पडता है, इससे लोगों में सम्बंधित विभाग के खिलाफ रोष भी लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रशासन को इस मामले पर संज्ञान लेकर जल्द रोड को बहाल करने पर ध्यान देना चाहिए।
पंचायत चिगला बलोता के सरपंच भीम सिंह ने भी पीएमजीएसवाई के प्रति कड़ा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि मार्ग पर कई जगह पर पस्सियां गिरने से छोटे यात्री वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि मार्ग पर पस्सियां जल्द नही हटाई गई, तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
सरपंच ने कहा कि 2 वर्ष पहले कंसाल से कुलटैड तक मार्ग के कई जगहों पर पस्सियां गिरी हैं, लेकिन पीएमजीएसवाई विभाग द्वारा अभी भी पस्सियों को नहीं हटाया गया है। इसके चलते स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में किसी के बीमार होने पर उसे पालकी में बिठाकर घंटो पैदल सफल तय करने के बाद चिग्ली केया- रामनगर- बसंतगढ़ मार्ग तक पहुंचाया जाता है।
सरपंच ने कहा इस समस्या को लेकर पीएमजीएसवाई के उच्च अधिकारियों को भी कई बार अवगत भी करवा चुके लेकिन वे हमारी बात को अनसुना कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द से जल्द मार्ग से पस्सियां नहीं हटाई गई तो सोमवार को गांव के लोग रामनगर एक्सईएन कार्यालय का घेराव करेंगे।