उधमपुर। जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को सभी ब्लॉक मुख्यालयों में ब्लॉक दिवस का आयोजन हुआ, जिसमें लोगों की जनसमस्याओं का समाधान किया गया।
बसंतगढ़ ब्लॉक में एडीसी अशोक कुमार की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। इसमें उन्होंने कहा कि ब्लॉक दिवस का उद्देश्य आम जनता के स्थानीय मुद्दों का जमीनी स्तर पर मूल्यांकन कर निवारण करना है। इस दौरान पंचायत सदस्यों सहित स्थानीय लोगों ने कई मुद्दों को उठाया। जिनमें से कुछ को मौके पर हल किया गया जबकि कुछ को निवारण के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया। डूडू ब्लॉक में एडीसी मोहम्मद सैयद खान ने जन समस्याओं का निपटारा किया। रामनगर ब्लॉक में लोगों ने सीपीओ राजीव भूषण को सड़कों की खराब स्थिति, जल निकासी की समस्या, पेयजल की कमी, बिजली, राशन सहित विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। सीपीओ ने लोगों की समस्याओं और मांगों को सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता पर लोगों की परेशानियां दूर करने को कहा।