चिनैनी। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर आए दिन जाम की समस्या के चलते लोगों का सफर करना मुश्किल हो गया है। सोमवार को जम्मू से श्रीनगर के लिए वाहनों को छोड़ते ही दिनभर जाम लगा रहा है। इस कारण जहां शाम तक वाहन रेंगते नजर आए वहीं, यात्रियों और चालकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई साल से हाईवे का कार्य जारी है, जिस कारण जाम समस्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। प्रशासन को संज्ञान ले कर समस्या का समाधान करना चाहिए। जाम में एंबुलेंस तक फंस जाती हैं, जिस कारण मरीज कराहते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से जाम की समस्या का जल्द निदान करने की मांग की है।