उधमपुर। त्योहारों का सीजन शुरू होने के साथ शहर व ग्रामीण इलाकों से लोग अपने वाहनों से खरीदारी के लिए शहर पहुंचने लगे हैं। इस दौरान उन्हें पार्किंग की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। शहर में आज तक कोई पार्किंग नहीं बनी है। अवैध पार्किंग के कारण शहर की सड़कें सिकुड़ चुकी हैं। सुबह से शाम तक वाहन बेतरतीब सड़क किनारे खड़े रहते हैं। इनसे यातायात और कारोबार प्रभावित हो रहा है।
अक्तूबर त्योहारों का महीना है। नवरात्रि, दीपावली, दशहरा व करवा चौथ पर लोग जमकर खरीदारी करते हैं। क्योंकि, इनमें खरीदारी करना शुभ माना जाता है। इसको लेकर हर रोज सैकड़ों वाहन बाजार पहुंचने लगे हैं, और पार्किंग के लिए स्थान न मिलने पर जाम लगना आम बात हो गई है। शहर के टाउन हॉल, एमएच चौक, इंदिरा चौक, अस्पताल रोड, मेन बाजार, मुखर्जी बाजार, कोर्ट रोड, सैला तालाब, गोल मार्केट व सलाथिया चौक पर वाहन खड़े करने की जगह की भारी कम है।
लोग खरीदारी करने के लिए अपने वाहनों को सड़क पर ही खड़ा करने को मजबूर हैं। वाहनों को बेतरतीब खड़े किए जाने से यातायात प्रभावित हो रहा है। दीपावली तक बाजार में जबरदस्त भीड़ रहेगी। इससे दुकानदारों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
-----
शहर में पार्किंग न होने के कारण हर वर्ष कारोबार प्रभावित होता है। जब ग्राहक को वाहन खड़ा करने के लिए स्थान नहीं मिलेगा तो वह सही तरह से खरीदारी भी नहीं कर सकेगा। पैदल चल कर खरीदारी करना तो ग्राहक के लिए संभव नहीं है। व्यापार मंडल ने यह परेशानी कई बार जिला प्रशासन और नगर परिषद को बताई है, लेकिन किसी ने कुछ नहीं किया है।
- जितेंद्र वरमानी, व्यापार मंडल के प्रधान
--------
बाजार में पार्किंग न होने से दुकानदार परेशान हैं। नप ने दो मल्टीलेवल पार्किंग के प्रोजेक्ट का काम शुरू करने की बात की है, लेकिन अभी तक एक का भी काम शुरू नहीं हुआ। इसका असर कारोबार पर पड़ रहा है। बाजार में जब ग्राहक अपना वाहन लेकर खरीदारी करने पहुंचता है तो उसको पहले वाहन खड़ा करने के लिए स्थान की तलाश करनी पड़ती है। मजबूरन वाहन को भी बेतरतीब खड़ा करना पड़ता है। इससे यातायात प्रभावित हो जाता है। अगर जल्द इसका समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में परेशानी बढ़ जाएगी।
- सुनील गुप्ता, दुकानदार
-----
शहर में नप ने सड़कों पर ही पार्किंग स्थल बनाए हैं। इनमें चंद वाहनों के ही खड़े करने की जगह है। दोपहर तक ज्यादातर पार्किंग स्थल भर जाते हैं। त्योहारों में तो सुबह ही यह स्थान भरे नजर आते हैं। इसके बाद लोग सड़कों पर वाहनों को खड़ा करना शुरू कर देते हैं। बाजार में प्रतिदिन वाहनों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। नप शहर में पार्किंग स्थल तैयार करने को लेकर जल्द काम शुरू करे।
- सोमराज कुंडल, शहरवासी
-----
इसमें कोई शक नहीं कि शहर में पार्किंग की जरूरत अनुसार कोई व्यवस्था नहीं है। लेकिन, नगर परिषद इसको लेकर लगातार प्रयास कर रही है। दो मल्टीलेवल पार्किंग का कार्य शुरू करवाने के लिए लगातार प्रयास चल रहे हैं। जल्द इनके टेंडर की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। इनके बनने के बाद शहर में यह परेशानी नहीं रहेगी।
- अनिल अरोड़ा, दुकानदार व पार्षद, वार्ड 10
सोमराज कुंडल- फोटो : UDHAMPUR
सुनील गुप्ता- फोटो : UDHAMPUR
अनिल अरोड़ा- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर: शहर में पार्किंग ना होने के कारण लाइन के बाहर खड़े वाहन.- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर: शहर में पार्किंग ना होने के कारण लाइन के बाहर खड़े वाहन.- फोटो : UDHAMPUR