उधमपुर। जम्मू कश्मीर शिक्षक संयुक्त कार्रवाई समिति की तरफ से यूटी अध्यक्ष विनोद शर्मा और जिला अध्यक्ष लेखराज परिहार के नेतृत्व में उधमपुर में मासिक बैठक आयोजित की गई।
इसमें जिले के सभी 11 क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस मौके पर यूटी अध्यक्ष विनोद शर्मा ने शिक्षकों के ज्वलंत मुद्दों को उठाया और प्रशासन से इन हजारों शिक्षकों के कल्याण के लिए उन्हें हल करने की अपील की।
उन्होंने एक जनवरी 2001 को या उसके बाद नियुक्त कर्मचारियों के पक्ष में पुरानी पेंशन योजना के वास्तविक और ज्वलंत मुद्दे को उठाते हुए अधिकारियों से इसे लागू करने की अपील की। कहा कि यह योजना उनके पक्ष में नहीं है क्योंकि वह सेवानिवृत्ति के बाद लाभ से वंचित हैं। इसके अलावा आरईटी योजना के तहत नियुक्त शिक्षकों के पक्ष में व्यापक स्थानांतरण नीति का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि ये शिक्षक पिछले 20 वर्षों से अधिक समय से एक ही स्कूलों में काम कर रहे हैं और उनमें से कई महिलाएं भी बुरी तरह से पीड़ित हैं। उन्होंने स्थानांतरण नीति को लागू करने का आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षक समुदाय की लंबे समय से चले आ रहे वेतन, स्थानांतरण आदि के मुद्दों का भी जल्द समाधान करने की अपील की। वहीं जिला अध्यक्ष लेखराज परिहार ने मुख्य शिक्षा अधिकारी उधमपुर से शिक्षकों की ओर से अपनी जेब से जुटाए गए मिड डे मील के बकाया को जारी करने का आग्रह किया। बैठक में सुकेश खजूरिया, अशोक सेठ, प्रीतम गोस्वामी, विजय साधोत्रा, संदीप शर्मा, रोमेश चंद्र गोस्वामी व अन्य मौजूद थे।