चिनैनी । मंगलवार को 2 दिनों बाद कस्बे में खुली जरूरी सामानों वाली दुकानों पर लोगों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने अगले 2 दिनों तक मेडिकल तथा दूध की दुकानों को छोड़ बाकि दुकानें बंद रखने का आदेश दिया है ! इसके अलावा और भी कई हिदायत संबंधित अधिकारियों को दी है ताकि लोगों की भीड़ ना लग सके ! एसडीएम अब्दुल सत्तार से जब बात की गई तो उन्होंने कहा कि मंगलवार को विभिन्न गांव से आए लोगों की भीड़ काफी थी जिसे देखते हुए बुधवार तथा वीरवार को मेडिकल तथा दूध की दुकानों को छोड़ बाकी सभी दुकानें बंद रखने के आदेश दिए गए हैं ! इसके अलावा सरकारी राशन गांव गांव में पहुंचाने के भी निर्देश दिए गए हैं ताकि लोगों को राशन की समस्या से परेशान ना होना पड़े ! उन्होंने बताया कि बैंक में बिना मतलब आने वाले लोगों को लेकर भी पुलिस को हिदायत दी गई है कि वह नाके पर चेक करें कि लोग किस कार्य से आ रहे हैं और यदि उन्हें कोई भी कार्य नहीं है तो उन्हें मौके से ही वापस कर दिया जाए ! ताकि कोरोना वायरस को देखते हुए लोगों की भीड़ न लग सके !