बरामद बच्चे के साथ पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू संभाग के जिला किश्तवाड़ में एक छह माह के बच्चे का अपहरण हो गया था, जिसे कुछ घंटों के अंदर पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला को भी हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है किश्तवाड़ जिला अस्पताल से एक महिला बच्चे को लेकर फरार हो गई थी। इसका सीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी थी। इसके लिए जिलाभर में विशेष नाके लगा कर पड़ताल की गई। नगर परिषद किश्तवाड़ के अध्यक्ष सज्जाद अहमद ने बच्चे और आरोपी का पता देने वाले को 10 हजार रुपये इनाम के तौर पर देने की घोषणा कर दी थी।
किश्तवाड़ जिला अस्पताल में एक महिला अपने छह माह के बच्चे के साथ इलाज के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रही थी। इस दौरान पास बैठी एक अन्य महिला बच्चे के साथ खेलने लगी। मां को भी उस महिला पर कुछ भरोसा आ गया। कुछ देर बाद मां, अपने बच्चे को आरोपी महिला को देकर अपनी बारी का पता करने चली गई, लेकिन जैसे ही वह वापस पहुंची तो आरोपी महिला बच्चे को लेकर फरार हो गई। इसका पता चलते ही मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। महिला ने रोना-चिल्लान शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
किश्तवाड़ पुलिस ने अपहरण किए गए बच्चे को बरामद कर लिया गया है। आरोपी महिला को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
- शफाकत हुसैन भट, एसएसपी