पंजीकरण के बाद 17 हजार से ज्यादा श्रद्धालु भवन की ओर रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। धर्मनगरी सहित भवन में शुक्रवार रात को हुई बारिश के बाद दिनभर बादल छाए रहे। वहीं, त्रिकुटा पर्वत पर धुंध छाए रहने से हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही। इस कारण ऑनलाइन पंजीकरण करवा चुके श्रद्धालुओं को मायूसी का सामना करना पड़ा। उधर, शाम सात बजे तक 17 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।
अन्य दिनों की भांति शनिवार को भी मां वैष्णो की पवित्र यात्रा जारी रही। इस कारण धर्मनगरी, यात्रा मार्ग और त्रिकुटा भवन मां के जयकारों से गूंजता रहा। पंजीकरण केंद्र के बाहर भक्तों की कतारें लगी रहीं। वहीं, शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे, जिस कारण धर्मनगरी पहुंचे भक्तों को उमस का सामना करना पड़ा। लेकिन, त्रिकुटा भवन पर धुंध छाने और हवाएं चलने से मौसम सुहावना बना हुआ है।
पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को 23764 भक्तों ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई थी। वीकेंड पर शनिवार को शाम सात बजे तक 17630 भक्त भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। इन दिनों देशभर के दर्शनों को आने वाले श्रद्धालु आराम से मां के दर्शन कर रहे हैं। वीकेंड पर भक्तों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
दिनभर बादल छाए रहने के साथ ही त्रिकुटा पर्वत पर धुंध छाई रही। इस कारण हेलिकॉप्टर सेवा दिनभर प्रभावित रही। लेकिन, बैटरी कार और रोपवे सुविधा सुचारू रही, जिसका भक्तों ने लाभ उठाया है। इसके अलावा भी भक्त जयकारे लगाते हुए पैदल, घोड़ा, पालकी और पिट्ठू की मदद से भवन की ओर यात्रा जारी रखे हुए हैं।