भीषण गर्मी पर आस्था भारी, पंजीकरण कक्ष के बाहर लग रही कतारें
34 हजार श्रद्धालु पंजीकरण के बाद भवन की ओर रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। धर्मनगरी में भीषण गर्मी पर आस्था भारी पड़ रही है। रोजाना 40 से 41 डिग्री तापमान के बीच श्रद्धालु मां वैष्णो के दर्शन के लिए चेहरे पर हंसी और जयकारे लगाते भवन की ओर बढ़ रहे हैं। अन्य दिनों की भांति रविवार को भी यात्रा मार्ग जोर से बोलो जय माता दी, पौड़ी पौड़ी चढ़दा जा जय माता दी करदा जा... आदि भजनों और जयकारों से गूंजता रहा है। श्रद्धालुओं में मां भव्य दर्शन के प्रति खूब उत्साह देखा गया। शाम छह बजे तक करीब 34 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। दिनभर भीषण गर्मी के बीच पंजीकरण कक्ष के बाहर कतारें लगी रहीं।
रविवार को मौसम साफ रहने के चलते दिनभर हेलिकॉप्टर, रोपवे और बैटरी कार सुविधा सुचारू रही, जिसका भक्तों ने खूब लुत्फ उठाया है। इसके अलावा भी श्रद्धालु पैदल, घोड़ा, पालकी और पिट्ठू के माध्यम से भवन की ओर जयकारे लगाते हुए बढ़ते रहे। पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को करीब 39800 भक्तों ने मां वैष्णो के दरबार में हाजिरी लगाई थी। वहीं, रविवार को शाम छह बजे तक करीब 34000 श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। वीकेंड पर यात्रा में काफी इजाफा देखा जा रहा है। गत दिनों रियासी के कंडा में श्रद्धालुओं की बस पर हुए हमले के बाद से कटड़ा सहित यात्रा मार्ग और त्रिकुटा भवन में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। हर श्रद्धालु की जांच के बाद ही उन्हें यात्रा पर आगे बढ़ने की अनुमति दी जा रही है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के कर्मियों की तैनाती की गई है।