रामबन। जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-44 पर यातायात बाधित होने के मद्देनजर उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने कटड़ा और बनिहाल के बीच विशेष अनारक्षित ट्रेन सेवा चलाने की घोषणा की है। नौ और 10 अप्रैल को ट्रेन संख्या 04689 और 04690 संचालित की जाएंगी ताकि सड़क बंद होने से फंसे यात्रियों और पर्यटकों को राहत मिल सके। ट्रेन संख्या 04689 कटरा से सुबह 10:10 बजे रवाना होकर दोपहर 12:20 बजे बनिहाल पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04690 बनिहाल से दोपहर 2 बजे प्रस्थान कर शाम 5 बजे कटरा पहुंचेगी। संगलदान और रियासी रेलवे स्टेशन में ठहराव होगा। जम्मू के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षेत्र में संपर्क बनाए रखने के लिए लिया गया है। उन्होंने बताया कि यह सेवा प्रभावित हजारों यात्रियों के लिए भरोसेमंद यात्रा विकल्प प्रदान करेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 और एनटीईए एप का उपयोग करें। संवाद