उधमपुर। बाजारों में करवाचौथ की खरीदारी को लेकर ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। ग्राहकों की सुविधा और जाम से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने मुख्य बाजारों में यातायात व्यवस्था में बदलाव किए हैं। शहर के गोल मार्केट से मुखर्जी बाजार की ओर जाने वाले मार्ग को बैरिकेड लगाकर एकतरफा बहाल रखा है। यहां आने वाले चौपहिया वाहनों को डायवर्ट कर दिया गया है। सलाथिया चौक, कोर्ट रोड से गोल मार्केट की ओर आने वाले वाहनों को अब रामनगर चौक से होते हुए अस्पताल मार्ग और फिर सेलें तालाब से होते हुए गोल मार्केट आने की अनुमति होगी। गोल मार्केट से मुखर्जी बाजार में सिर्फ एक तरफ से ही दोपहिया वाहनों को चलने की इजाजत रहेगी। पुलिस का कहना है कि भीड़ अधिक बढ़ी तो मुखर्जी बाजार और लंबी गली में दोपहिया वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। बता दें कि चूड़ी वालों के स्टाल लगे होने के चलते शहर के मुखर्जी बाजार में करवाचौथ पर सर्वाधिक भीड़ रहती है। मेहंदी लगाने वाले भी यहीं बैठते हैं। त्यौहारी सीजन में तो बाजार में चलने तक की जगह नहीं मिलती।
बाजारों में बढ़ी रौनक, कहीं मेहंदी सज रही तो कहीं खरीदी जा रहीं चूड़ियां
करवाचौथ के व्रत को लेकर महिलाओं ने खरीदारी करना शुरू कर दी है। कहीं कपड़ों की खरीदारी हो रही है, कहीं चूड़ियों की। बहुत से स्थानों पर महिलाएं मेहंदी रचाते हुए नजर आ रही हैं। दुकानदारों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए रंग-बिरंगी चूड़ियों के साथ शृंगार में इस्तेमाल होने वाले सामान की कई वैरायटी रखी हैं। चूड़ियों की बात करें तो जयपुरी चूड़ी व कड़ा महिलाओं की पहली पसंद बने हुए हैं। मुखर्जी बाजार के दुकानदार संजय गुप्ता, राकेश कुमार, बबलू, दीपक कुमार, प्रदीप कुमार, जगदेव सिंह ने बताया कि इस बार जयपुरी, मेटल, बांबे, लख कड़े, जनकर चूड़ी और लटकन जयपुरी सहित अन्य कई प्रकार की चूड़ियां लाई गई हैं। इनके दाम 200 से शुरू होकर 2000 रुपये तक हैं। कड़ों का दाम 200 से 500 रुपये तक है।
बाजारों में भीड़ के चलते सुरक्षा के बंदोबस्त
करवाचौथ व्रत को लेकर शहर के बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। पुलिस के जवान बाजारों में तैनात किए गए हैं। जाम की स्थिति न बने इसके लिए ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी तैनात हैं। सिविल ड्रेस में भी जवान गश्त कर रहे हैं।
इस बारे में डीएसपी हेडक्वार्टर प्रह्लाद शर्मा ने बताया कि बाजार में बढ़ती भीड़ के चलते कुछ स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है ताकि जाम या फिर किसी प्रकार की अव्यवस्था पैदा न हो। रही बात सुरक्षा की तो त्योहारों के चलते बाजार और शहर में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।