उधमपुर। भारतीय सेना की उत्तरी कमान की ओर से पहला ‘दिल मांगे मोर’ शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल का रविवार को आगाज हो गया। जम्मू-कश्मीर में अपनी तरह का यह पहला फिल्म महोत्सव 16 दिसंबर तक चलेगा। ग्रैंड फिनाले में सर्वश्रेष्ठ फिल्म निर्माताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। मास्टर क्लास और कार्यशाला में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के 15 हजार युवाओं ने शॉर्ट फिल्म बनाने के टिप्स लिए।
रविवार को आयोजित मास्टर क्लास और कार्यशाला से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से 15 हजार युवा ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से जुड़े। महीने भर चलने वाले इस पहले मेगा शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल का कैप्टन राहुल बाली संचालन कर रहे हैं। आयोजकों के अनुसार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के युवाओं के सशक्तीकरण के लिए इनोवेशन इंडिया के सहयोग से भारतीय सेना की उत्तरी कमान की यह एक पहल है, जो जम्मू-कश्मीर के लिए प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
फेस्टिवल में फिल्म निर्माता राहुल मित्रा, इम्तियाज अली, उमेश शुक्ला और राहत काजमी ने अभिनेताओं तारिक खान और सारा खान के साथ हिस्सा लिया।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के युवाओं की प्रतिभा को दुनिया के सामने दिखाने के लिए भारतीय सेना की पहल की आधिकारिक उधमपुर में आधिकारिक घोषणा की गई। मेजर जनरल एसएस पाटिल, जीओसी, 71 सब एरिया, उधमपुर के साथ फेस्टिवल के संचालक कैप्टन राहुल बाली, फिल्म निर्माता इम्तियाज अली, राहुल मित्रा, उमेश शुक्ला और राहत काजमी ने फेस्टिवल के बारे में जानकारी दी। ‘दिल मांगे मोर’ शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के स्वतंत्र, प्रतिभाशाली और समझदार फिल्म निर्माताओं को समर्पित है, जो लघु फिल्मों के माध्यम से दुनिया को फिल्म बनाने की अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए तरसते हैं।
---
पांच से पंद्रह मिनट अवधि की होनी
चाहिए फिल्म, 10 दिसंबर तक प्रविष्टि
प्रतिभागियों को दिए गए विषयों पर 5 से 15 मिनट की अवधि की लघु फिल्म बनाने और 10 दिसंबर तक अपनी प्रविष्टियां ऑनलाइन जमा करनी होंगी। महोत्सव का ग्रैंड फिनाले 16 दिसंबर 2022 को उधमपुर में आयोजित किया जाएगा। मेजर जनरल एसएस पाटिल ने कहा कि भारतीय सेना राष्ट्र निर्माण के अपने प्रयास में दृढ़ है और जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के युवाओं को उनकी वृद्धि और विकास के लिए हरसंभव सहायता दे रही है। विजेता फिल्मों को अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में प्रदर्शित किया जाएगा। विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार और मेरिट सर्टिफिकेट के अलावा लघु फिल्म निर्माण प्रतियोगिता के शीर्ष तीन विजेताओं को फिल्म निर्माता इम्तियाज अली, राहुल मित्रा और उमेश शुक्ला फिल्म बनाने की बारीकियां सिखाएंगे। विजेता फिल्मों को दुनिया भर में कैप्टन राहुल बाली की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं, फेस्टिवल के आयोजक कैप्टन राहुल बाली ने कहा कि ‘दिल मांगे मोर’ फेस्टिवल का उद्देश्य जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के युवाओं को सशक्त बनाना और दूसरों के अनुकरण के लिए सफलता की कहानियां बनाना है। यह उत्सव भारतीय सेना की एक शानदार पहल है।