कटड़ा। मां वैष्णो देवी की यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शुक्रवार शाम 6 बजे तक करीब 17,000 श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर मां वैष्णो देवी के भवन की ओर रवाना हो चुके थे। वीरवार रात हुई बारिश के बाद मां वैष्णो देवी भवन क्षेत्र में मौसम ठंडा हो गया है। ऐसे में यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को मौसम के अनुसार तैयारी करके आने की जरूरत है। विशेषकर छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवार गर्म कपड़े साथ लेकर चढ़ाई कर रहे हैं, ताकि भवन क्षेत्र में ठंड के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। नवरात्रों को लेकर कटड़ा में सजावट का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं, श्रद्धालुओं के लगातार पहुंचने से धर्मनगरी में रौनक बनी हुई है। आगामी दिनों में नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना के मद्देनजर तैयारियों को जल्द पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।