कटड़ा। मजदूर दस्तकार यूनियन के उप प्रधान बंसीलाल शर्मा ने जिला रियासी के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर मजदूरों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। मजदूरों ने न्यूनतम मजदूरी को बढ़ाने की मांग की। साथ ही बताया कि रोजगार के भी अवसर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। इसको लेकर परिवार का पोषण करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर बंसीलाल शर्मा ने कहा कि उनकी परेशानियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बातचीत की जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ ही उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के संज्ञान में भी यह बातें लाई जाएंगी, ताकि जिला रियासी के मजदूरों को नौकरी या फिर रोजगार उपलब्ध हो सके और वह अपनी आजीविका कमा सकें।