उधमपुर। लगातार मूसलाधार बारिश के बाद बुधवार शाम करीब चार बजे मौसम साफ होने पर प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बहाली का कार्य तेज किया। सड़क से मलबा और पत्थर हटाने के बाद प्रशासन ने डोडा और किश्तवाड़ की ओर जाने वाले वाहनों को आवाजाही की अनुमति दे दी। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों की स्थानीय गाड़ियों को भी छोड़ दिया गया। यातायात डीएसपी पंकज सूदन ने बताया कि कश्मीर घाटी की ओर जाने वाले सभी वाहनों, पर्यटकों और अन्य यात्रियों को फिलहाल रोककर रखा गया है। जब तक सड़क पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाती और भूस्खलन या पत्थर गिरने का खतरा समाप्त नहीं हो जाता, तब तक यात्रियों को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मौसम में सुधार और सड़क पूरी तरह बहाल होने के बाद ही घाटी की ओर यातायात बहाल करने के आदेश जारी किए जाएंगे। फिलहाल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।