पैदल अमरनाथ यात्रा पर निकले पंजाब के दो श्रद्धालु।
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। लगातार हो रही बारिश के बीच भी भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था लिए पंजाब से दो श्रद्धालु पैदल श्री अमरनाथ यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने कहा कि इस कठिन यात्रा में मौसम की चुनौतियां जरूर हैं लेकिन बाबा बर्फानी के प्रति अटूट विश्वास और श्रद्धा ही उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रही है। श्रद्धालु कमलजीत सिंह ने बताया कि वे प्रतिदिन लगभग 15 से 20 किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धूप के दौरान कम दूरी तय हो पाती है लेकिन बारिश के मौसम में वे एक दिन में करीब 30 किलोमीटर तक भी चल चुके हैं। वह पिछले वर्ष भी अकेले पैदल अमरनाथ यात्रा पर गए थे, लेकिन इस बार उनके साथ उनका एक मित्र भी यात्रा में शामिल है। उन्होंने बताया कि वे गुरदासपुर जिले के बटाला शहर में स्थित अपने घर से 12 दिन पहले यात्रा के लिए रवाना हुए थे और अगले 5 से 6 दिनों में पवित्र गुफा तक पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हौसले बुलंद होने चाहिए और बाबा से एक ही प्रार्थना है कि उनकी कृपा सभी श्रद्धालुओं और समस्त देशवासियों पर सदैव बनी रहे।