उधमपुर। शहर के साथ लगते बट्टल बालियां इलाके में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोदी ग्राउंड के नजदीक अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से स्कूटी सवार दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। इन्हें तत्काल उपचार के लिए जीएमसी उधमपुर पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार करने के बाद जीएमसी जम्मू के लिए रेफर कर दिया गया। घायल युवतियों की पहचान साक्षी (22) पुत्री बलदेव सिंह निवासी चनूनता, सुमन (23) पुत्री गोविंद राम निवासी संबल रोड, उधमपुर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक दोनों युवतियां अपनी स्कूटी पर सवार होकर उधमपुर की तरफ आ रहीं थीं, जहां मोदी ग्रांउड के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।