उधमपुर। ग्राम मगैनी स्थित सरकारी मिडिल स्कूल में अब छात्रों की सुरक्षा और स्कूल की सुंदरता दोनों में सुधार होने जा रहा है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने स्कूल परिसर की चहारदीवारी और मुख्य द्वार (गेट) के निर्माण के लिए 2.5 लाख का टेंडर जारी कर दिया है। विभाग के अनुसार, कार्य शीघ्र ही शुरू कर दिया जाएगा।
स्कूल की पुरानी चहारदीवारी लंबे समय से जर्जर अवस्था में थी। कई जगह दीवारें टूट चुकी थीं, जिससे स्कूल परिसर खुला नजर आता था और बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता था। वहीं, पुराने गेट के क्षतिग्रस्त होने से असामाजिक तत्वों की आवाजाही भी बनी रहती थी। ग्रामीणों और अभिभावकों ने कई बार पंचायत और विभाग से इसकी मरम्मत की मांग उठाई थी।
अब ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा जारी टेंडर के तहत स्कूल की पूरी चहारदीवारी को नए सिरे से मजबूत ईंटों और सीमेंट से बनाया जाएगा। साथ ही, स्कूल के मुख्य द्वार पर नया लोहे का गेट लगाया जाएगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक पुख्ता हो सकेगी।
वहीं ग्रामीणों ने विभाग के इस निर्णय का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि कार्य शीघ्र पूरा होकर स्कूल का स्वरूप बदलेगा। विनोद कुमार, राहुल शर्मा, पवन देव व अन्य का कहना है कि चहारदीवारी और गेट बनने से न केवल स्कूल की सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि उसकी सुंदरता में भी निखार आएगा। बच्चे भी अधिक सुरक्षित माहौल में पढ़ाई कर सकेंगे।
कोट
स्कूल में चहारदीवारी और मुख्य द्वार (गेट) के निर्माण के लिए टेंडर जारी हो गया है और इसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे का काम भी जल्द पूरा किया जाएगा।
-
डिप्टी सीईओ, कल्पना जसरोटिया