उधमपुर। ब्लाॅक घोरडी के बिंडला क्षेत्र में मंगलवार रात एक बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में सत्यालता पंचायत के रहने वाले दो युवकों की मौत हो गई। उनकी पहचान विक्की कुमार (23) पुत्र मूल राज और अजय शर्मा (26) पुत्र धर्म चंद के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक दोनों युवक बाइक पर सवार होकर अपने घर की तरफ लौट रहे थे, लेकिन बिंडला इलाके में बाइक बेकाबू होकर करीब 400 फुट गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों युवकों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डाॅक्टरों ने उन्हें मृत लाया घोषित कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।