उधमपुर। शहर के साथ लगते रौन दोमेल के दुधर नाला इलाके में बुधवार बीती देर शाम तवी नदी में नहाते समय डूबे युवक का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस के साथ ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने तीसरे दिन भी तलाशी अभियान चलाया।
जानकारी के मुताबिक बुधवार देर शाम तवी नदी में दोस्तों संग तैराकी सीखने गया 19 वर्षीय वंश पुत्र दीप सिंह निवासी रौन दोमेल डूब गया। साथियों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया लेकिन तेज बहाव में वह बह गया।
13 बटालियन एनडीआरएफ के सहायक कमांडेंट प्रवीन सिंह ने बताया कि बुधवार को सर्च आपरेशन शुरू किया गया था। गोताखोरों की सहायता से तलाश की जा रही है, लेकिन शुक्रवार को तीसरे दिन भी शाम तक पानी में डूबे युवक का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। अब पानी का बहाव कम होने पर बोट की सहायता से अभियान को आगे बढ़ाएंगे।