चिनैनी। कस्बे में पेयजल किल्लत से लोगों की परेशानियां बढ़ रही है। लोगों को पानी लेने के लिए बावलियों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिस कारण लोगों का पानी लाने के लिए घंटों समय भी बर्बाद हो जाता है। स्थानीय निवासी खेमराज, अनवर हुसैन तथा अन्य लोगों ने कहा कि पानी के लिए लोगों को कई तरह की परेशानियां झेलनी पड़ रही है। कस्बे में हर रोज पानी की सप्लाई न होने के कारण लोगों को बावली पर जाकर पानी लाना पड़ रहा है। लोगों ने कहा कि यदि वह पूरे वर्ष का किराया पानी का देते हैं तो उन्हें पानी के लिए परेशान क्यों किया जाता है। पानी की सप्लाई हर रोज न होने के कारण मुश्किलें बढ़ जाती है और कई जरूरी कार्य छोड़कर घंटों पानी लाने में ही गुजर जाते हैं। जल शक्ति विभाग को पानी की समस्या को लेकर ठोस कदम उठाए जाने चाहिएं ताकि लोगों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े।