उधमपुर। जम्मू-कश्मीर में दोबारा शुरू हुई ऐतिहासिक दरबार मूव परंपरा के तहत सचिवालय का काफिला रविवार से श्रीनगर से जम्मू के लिए रवाना होने जा रहा है। सरकार ने इस बार दरबार मूव का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। आधिकारिक आदेश के सभी सरकारी दफ्तर 31 अक्तूबर (शनिवार) को श्रीनगर में बंद हो जाएंगे। सभी दफ्तर जम्मू में 2 नवंबर को खुलेंगे। कर्मचारियों की सरकारी मूवमेंट 31 अक्तूबर और 1 नवंबर को होगी। इसके लिए जेकेआरटीसी की बसें पहले से लगाई गई हैं। दरबार मूव काफिले की सुरक्षा को लेकर उधमपुर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर सुरक्षा एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी किया है। हाईवे पर अतिरिक्त नाके लगाए गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार जखैनी, चिनैनी, टिकरी, बटटल बालियां इलाके में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। काफिले के गुजरने के दौरान सादी वर्दी में भी जवान तैनात रहेंगे। ड्रोन और सीसीटीवी से भी निगरानी की जाएगी। सिक्योरिटी फोर्स की गाड़ियों को भी ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट रामबन से ग्रीन सिग्नल लेकर ही चलने को कहा गया है।