उधमपुर। जिला उपायुक्त मिंगा शेरपा ने टोल्डी नाला के पास हुए एक सड़क हादसे में घायल हुए अमरनाथ यात्रा के तीर्थयात्रियों का हालचाल जानने के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज का दौरा किया। उन्होंने वहां उपचाराधीन घायल तीर्थयात्रियों को प्रदान की जा रही चिकित्सा देखभाल की विस्तृत समीक्षा की। दौरे के दौरान डीसी ने घायल यात्रियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की। उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि घायलों के त्वरित उपचार के लिए चौबीसों घंटे बेहतरीन चिकित्सा सेवाएं, आवश्यक दवाएं और सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके साथ ही जिला उपायुक्त ने दुर्घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों और मेडिकल टीमों द्वारा दिखाए गए त्वरित रिस्पॉन्स और समय पर पहुंचाई गई सहायता की भी सराहना की।