उधमपुर। कांग्रेस के जिला कार्यकारी अध्यक्ष सुमित मगोत्रा ने उधमपुर पश्चिम के विधायक पवन गुप्ता की कार्यप्रणाली को लेकर कईं सवाल खड़े किए। उनका आरोप था कि लांदर मोंगरी डिग्री कालेज का मुद्दा काफी लंबे समय से चला आ रहा है, लेकिन मौजूदा विधानसभा सत्र के दौरान विधायक की ओर से उस मुद्दे पर कोई बात नहीं की गई, जबकि मोंगरी, लांदर सहित पंचैरी के दूरदराज इलाकों के छात्रों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मगोत्रा ने देविका घाट को पहुंचे नुकसान और शहर की खस्ता हालत को लेकर भी विधायक के प्रयासों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क की बदहाल हालत की वजह से जगह-जगह लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है लेकिन सिर्फ झूठे दावों के अलावा जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं किया जा रहा। एक विधायक होने के नाते जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाना चाहिए।