रियासी। विभिन्न प्रकार की समस्याओं से जूझ रहे तलवाड़ा विस्थापितों ने प्रदेश सरकार व प्रशासन से उनकी तरफ ध्यान देने की मांग की। खास करके विस्थापित युवाओं का भविष्य सुधारे जाने की अपील की। रविवार को माइग्रेट एक्शन कमेटी की बैठक प्रधान जगदेव सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान कहा गया कि उन्हें विस्थापित का दंश झेलते हुए लगभग तीस वर्ष का समय हो गया है। उनके परिवार आतंकवाद से पीड़ित हो कर विस्थापित होकर आए थे। मौजूदा समय के दौरान युवा वर्ग को अपना भविष्य अंधकारमय दिख रहा है। उनके पास रोजगार के उचित साधन नहीं है। सरकार को चाहिय कि वह उनके लिए कोई विशेष योजना के तहत नौकरी के अवसर उपलब्ध करवाए। इसके अलावा माइग्रेंट जिन क्वार्टरों में रह रहे हैं, उनकी स्थिति काफी खस्ताहाल हो गई है। बारिश के दौरान पानी अंदर आ जाता है। सभी क्वार्टर इतनी दयनीय स्थिति में है कि वह कब गिर जाएंगे कोई पता नहीं है। बैठक में बिजली व पानी के मुद्दे को भी उठाया गया। इस दौरान कहा गया कि वह जल्द ही प्रशासनिक अधिकारियों से मिलेंगे व अपनी समस्याओं से अवगत करवाएंगे ताकि कोई उचित समाधान निकाला जा सके।