रियासी। केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स की तरफ से घुसपैठ को रोकने के लिए एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। सीआरपीएफ की 126वीं बटालियन के कमांडेंट मनोज वर्मा के दिशा निर्देश पर अभ्यास किया गया। सेक्टर रियासी एवं सेक्टर अरनास की तरफ से मॉक ड्रिल का अभ्यास एक साथ किया गया। सेक्टर रियासी द्वारा मॉक ड्रिल का अभ्यास वीरवार सुबह जीआरपी बिल्डिंग, रेलवे अंजी ब्रिज पर उप कमांडेंट धर्मेन्दु आर्य के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ। इसमें 126 बटालियन सीआरपीएफ, जीआरपी, फायर ब्रिगेड टीम और मेडिकल टीम ने भाग लिया। ड्रिल लगभग 45 मिनट तक चलने के बाद शांतिपूर्वक संपन्न हुई। सेक्टर अरनास में मॉक ड्रिल का अभ्यास बक्कल ढोक, कौड़ी, कंथान व कौड़ी रेलवे ब्रिज के पास सहायक कमांडेंट अजय कुमार तथा टू आईसी मंजिमा कुरियाकोस के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ। इसमें ए/126 बटालियन सीआरपीएफ कौड़ी, सेना 58 आरआर दरमाडी, जीआरपी, आरपीएफ, एसओजी कौड़ी, फायर ब्रिगेड टीम और मेडिकल टीम ने भाग लिया। ड्रिल दोपहर लगभग 12:30 बजे संपन्न हुई।