रियासी। जिले के विभिन्न स्थानों की रामलीला समितियां प्रभु श्री राम के पावन नाम की दिव्य ज्योति लेने के लिए श्री वाल्मीकि तीर्थ स्थल, श्री राम तीर्थ अमृतसर के लिए रवाना हुईं। समितियों के सदस्यों द्वारा वहां से पावन ज्योत लाई जाएगी और रियासी के ओपन एयर थिएटर के अलावा आसपास के ग्रामीण इलाकों में होने वाली रामलीला की स्टेज पर स्थापित की जाएगी। यात्रा को रवाना करने के दौरान मौके पर धार्मिक जयघोष लगाए गए। सभी स्थानों पर रामलीला का मंचन रविवार शाम से शुरू होगा। इसमें रामचरितमानस के मुख्य दृश्यों को दिखाया जाएगा। रामलीला की तैयारियों को अंतिम रूप देने के साथ ही कलाकारों की रिहर्सल जारी है। श्री दुर्गा नाटक मंडली के प्रधान संजीव खजूरिया ने बताया कि पारंपारिक ज्योत को लाकर स्टेज पर स्थापित किया जाएगा। रोजाना पूजा करने के बाद रामलीला की शुरुआत होगी। मौके पर श्री सनातन धर्म सभा के प्रधान ब्रिज मोहन शर्मा, विनोद शर्मा व अन्य लोग भी उपस्थित रहे।