रियासी। जिला बाल संरक्षण कार्यालय ने रियासी और कटड़ा के बाजारों में विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया। यह अभियान जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) तथा चाइल्ड हेल्प डेस्क की संयुक्त टीमों की तरफ से चलाया गया। टीमों ने विभिन्न दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का दौरा कर बाल श्रम के दुष्प्रभावों तथा बाल संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में जागरूकता फैलाई। अभियान के दौरान टीम ने दुकानदारों को किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के प्रावधानों के बारे में जानकारी दी तथा बताया कि बच्चों से श्रम करवाना उनके अधिकारों का उल्लंघन है और कानून के तहत दंडनीय अपराध है।